आटा। तेज हवा से बिजली लाइन में फाल्ट होने से एक दर्जन गांवों की बिजली गुल हो गई। देर शाम तक बिजली विभाग के कर्मचारी खराबी दूर करने में जुटे रहे।
अकोड़ी रोड पर बने सब स्टेशन से एक दर्जन गांवों की विद्युत सप्लाई होती है। सोमवार दोपहर तेज हवा के साथ आंधी आने से पूरे दिन सप्लाई बंद रही। शाम को जब सप्लाई चालू हुई तो एक बार फिर तेज धमाके के साथ बंद हो गई। बताया गया कि पावर हाउस की इनकमिंग मशीन खराब हो गई है। मशीन खराब होने के कारण आटा कस्बा सहित पिपराया, अकोड़ी, संधि, चमारी, भाबुआ आदि गांवों की बत्ती गुल हो गई। बिजली न आने से गर्मी में काफी परेशानी हुई और जलसंकट भी खड़ा हो गया। आटा फीडर से पिछले कई दिन से बिजली आपूर्ति गड़बड़ाई हुई है। एसडीओ शेलेंद सिंह का कहना है इनकमिंग मशीन की सीटी खराब हो गई है। जेई को बता दिया गया है, जल्द ही ठीक करा दी जाएगी।