उरई। ओडीए से बिना नक्शा, बिना लेआउट पास कराए शहर के आसपास मकानों का निर्माण व प्लॉटिंग हो रही है। जानकारी के बाद भी प्रशासन अंजान बना है। इस मुद्दे को अमर उजाला ने चार अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन ने इस मुद्दें को संज्ञान में लिया। कई जगह पर अभियान चलाकर मकानों का निर्माण कार्य भी रुकवाया।
ओडीए में आने के बाद भी शहर में प्रॉपर्टी डीलर अपने नियम चला रहे हैं। बिना लेआउट पास करवाए पूरे शहर के आसपास प्लॉटिंग कर दी। लोगों को बिना किसी सुविधा के सस्ते के लालच में प्लॉट बेच दिए। अब लोगों को सुविधा के लिए परेशान होना पड़ता है। जबकि बिना सुविधा के प्लॉट नहीं बेचे जा सकते हैं। उसके लिए नियम भी बनाए गए।
पांच विभागों से एनओसी लेकर ओडीए से लेआउट पास करवाकर प्लॉटिंग कर सकते हैं। इस मुद्दे को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। तब जाकर प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लिया। सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार मिश्रा ने शनिवार को सुशील नगर में अभियान चलाकर निर्माणाधीन मकानों का काम रुकवाया। उनसे नक्शे मांगें, उनमें से कुछ लोग ही नक्शा दिखा पाए, कुछ नहीं दिखा पाए। काम रोककर उन्हें नक्शा दिखाने को कहा। उन्होंने बताया कि बिना लेआउट प्लॉटिंग नहीं हो सकेगी। अभियान की शुरूआत की है। लगातार एक माह तक अभियान चलाया जाएगा। जिसमें जो बिना नक्शे का निर्माण कार्य करता मिलता है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध प्लॉटिंग कैसे भी नहीं हो सकती है। उनके खिलाफ भी तुरंत कार्रवाई की जाएगी।