उरई। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कलक्ट्रेट सभागार में डीएम राजेश कुमार पांडेय ने गहन समीक्षा की। कहा कि बिजली विभाग के सभी अधिकारी, एई और जेई मुख्यालय पर ही निवास करें। विद्युत संबंधी शिकायतों का एसडीएम और एसडीओ समीक्षा और निस्तारण करें। क्षमता वृद्धि के लिए डिमांड और प्रस्ताव भिजवाएं।
उन्होंने करमेर रोड और कोंच नाका के ट्रांसफ़ॉर्मर व सब स्टेशन की क्षमता वृद्धि पर तेज़ी से काम शुरू करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी बिजली अधिकारियों और जेई से कहा कि वह फोन रिसीव करने की आदत डाले।
उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरो को बदले जाने की समीक्षा में आज जिले में 29 ट्रांसफार्मर घरेलू व नलकूप के 12 ट्रांसफार्मर खराब होने पर तत्काल बदले जाने व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि रोजाना औसत 27 ट्रांसफार्मर खराब हो रहे है।
इस दौरान सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, एडीएम न्यायिक जुबेर बेग,एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव, नगर मजिस्ट्रेट अजीत कुमार जायसवाल, एसडीएम माधौगढ़ सुरेश पाल, एसडीएम कोंच ज्योति सिंह आदि मौजूद रहे।