उरई। औंता गांव में स्वामी डॉ. रामकमलाचार्य वेदांती के सानिध्य में निर्मित भव्य मंदिर में रविवार को लोकदेवता लाला हरदौल की प्रतिमा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित की गई। जयपुर से मंगाई गई प्रतिमा की स्थापना से पहले पूरे गांव में बैंड-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस अवसर पर स्वामी डॉ. रामकमलाचार्य वेदांती ने बताया कि औंता उनका पैतृक गांव है। इसी कारण यहां एक भव्य श्रीराम मंदिर (वेदांत मंदिर) का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही यह मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए भव्य रूप में स्थापित होगा। इस दौरान ठड़ेश्वरी मंदिर के महंत सिद्धराम दास, पुरुषोत्तम दास (मौनी बाबा), रामभरत शास्त्री, सर्वेश दास आदि मौजूद रहे।