माधौगढ़। नमामि गंगे योजना के तहत घर-घर पहुंचने वाला पानी अब तक धरातल पर नहीं उतरा है। कहीं सोलर प्लेटें गायब हो रही हैं तो कहीं काम सुस्त गति से चल रहा है। कहीं सड़कें खोद दी गई हैं तो कहीं बार-बार लाइन बिछाने के चक्कर में सड़क की दुर्दशा की जा रही है।
धमना के नमामि गंगे योजना के तहत हर घर को पेयजल कनेक्शन दिया जाना है। गांव में टंकी निर्माण और लाइन डाली गई। ग्रामीण, इंद्रेश सिंह,कृष्णपाल सिंह, नारायण सिंह,यतेंद्र आदि का कहना है कि टंकी निर्माण के लिए आई सामग्री छह माह पहले चितौरा में रख दी गई। हर घर में कनेक्शन नहीं दिए गए। कर्मचारी अधूरा काम कर चले जाते हैं। वहीं, चितौरा निवासी केटी तोमर, शैलेंद्र सिंह, शत्रुघ्न सिंह, धीरेंद्र सिंह का कहना है कि ट्यूबवेल में लगी लिट्जो सौर ऊर्जा प्लेटें गायब हैं। पाइप तो लगा दिए गए, लेकिन न ही टोटी लगाई गई और न ही मुख्य लाइन से कनेक्शन जोड़ा गया। गड्ढा होने से रास्ता खराब हो गया है।
योजना में प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील सहाय ने कहा कि सभी गांवों में काम तेजी से चल रहा है। जहां भी काम अधूरा है, वहां शीघ्र ही तेजी लाई जाएगी। कनेक्शन हर घर में दिया जाएगा। जो उपकरण लगाए गए हैं, वे नहीं मिलते हैं तो इसकी जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।