उरई। बिजली के खंभों से तार चोरी करने वाले छह शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर भारी मात्रा में तार बरामद किया है। पकड़े गए चोरों के पास से तमंचा कारतूस भी बरामद हुए हैं। माधौगढ़ कोतवाली व रेंढ़र थाना क्षेत्र में पिछले दिनों 13 खंभों से बिजली के तार चोरी हुए थे। इसकी रिपोर्ट एसडीओ अभिषेक सोनकर व जेई संजय कुमार ने दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में चोरी का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि 13 बिजली के खंभों से तार चोरी होने पर पुलिस टीमों को लगाया था। गुरुवार रात माधौगढ़ कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान बंगरा नहर के पास से जा रहे लोडर को रोक कर तलाशी ली तो सात तार के बंडल बरामद हुए।
लोडर में मौजूद रेंढ़र थाना क्षेत्र के निचावड़ी गांव निवासी करन सिंह, अनुज कुमार उर्फ वीर प्रताप, सोनू, सुनील कुमार, पवन कुमार उर्फ वीरू व माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बिरिया गांव निवासी मुकेश को पकड़ लिया। उनके पास से 315 बोर तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पकड़ा गया तार दो क्विंटल 23 किलो 500 ग्राम है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों का आसपास के जिलों में आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। पुलिस टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।