उरई। जिले में कोरोना के छह नए संक्रमित और मिले हैं। अब को एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 64 पहुंच गई है।
जिला प्रशासन की ओर से देर शाम जारी रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को 108 लोगों की एंटीजन रिपोर्ट में दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि आरटीपीसीआर जांच में चार लोगों की कोरोना की पुष्टि हुई है। रविवार को 168 लोगों के कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उधर, लगातार कोरोना के बढ़ते केसों के बावजूद लोगों की लापरवाही दूर नहीं हो रही है। बाजार हो या फिर अस्पताल। सभी जगह लोग बिना मास्क के ही पहुंच रहे है।
डॉक्टरों के कक्ष में डॉक्टर तो मास्क लगाए मिल जाते है लेकिन मरीज बिना मास्क के ही डॉक्टर के चैंबर तक पहुंच जाते हैं। जिला महिला अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए आई दो गर्भवती महिलाओं की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बावजूद मास्क का प्रयोग होता नहीं दिखाई दे रहा है। मरीज, तीमारदार और स्टाफ का अधिकांश स्टाफ बिना मास्क के ही दिखाई दे रहा है। सीएमओ डॉ एनडी शर्मा का कहना है कि कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सतर्कता बरतना बहुत जरूरी है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ अविनेश कुमार और महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ सुनीता बनौधा का कहना है कि वह लगातार मरीजों को मास्क लगाने के लिए एनाउंस करा रही है।
24 घंटे में दे दी जाए जांच रिपोर्ट
उरई। डीएम चांदनी सिंह ने लगातार बढ़ रहे केसों को सैंपलिंग तेज करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल की ओपीडी और इनडोर इकाइयों में आने वाले मरीजों की गंभीरता से जांच की जाए। कोविड के लक्षण वाले मरीजों की जांच में कोताही न बरती जाए। जिन मरीजों की जांच की जाए,उनकी रिपोर्ट चौबीस घंटे के अंदर दे दी जाए। सर्विलांस टीमों को सक्रिय किया जाए और कोविड प्रबंधन के लिए स्थापित किए गए कोविड कमांड सेंटर को भी क्रियाशील कर दिया जाए। जांच नमूना में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। लोगों को मास्क के लिए भी प्रेरित किया जाए। (संवाद)