जालौन। अज्ञात कारणों से एक और आरा मशीन में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। तब तक तकरीबन डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हो चुका था।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तोपखाना निवासी फैय्याज की रामलीला मैदान के पीछे आरा मशीन है। रोज की तरह शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में तीन बजे अचानक उनकी दुकान में आग लग गई। आग लगते ही लकड़ी का सामान रखा होने के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाजार में पिकेट ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलती देखीं तो कोतवाली व दमकल को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल विमलेश कुमार समेत दमकल मौके पर पहुंच गई। दमकल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार फैय्याज ने बताया कि आग लगने से तकरीबन डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने संदेह जताया कि जब उनकी दुकान पर बिजली का कनेक्शन ही नहीं है तो आग कैसे लग गई।