उरई। राठ निवासी एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे लेकर परिजन जब मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो वहां तैनात चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इस पर महिला के साथ आए मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी स्वास्थ्य कर्मियों ने अभद्रता की। कोतवाल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से शिकायत की। प्राचार्य ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
हमीरपुर के राठ थाना क्षेत्र के गांव टिकरिया निवासी हेमंत की पत्नी रानी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे तो चिकित्सकों ने मरीज को मेडिकल काॅलेज ले जाने की सलाह दी। गुरुवार रात महिला के परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि राठ में ही चिकित्सक ने 80 फीसदी ठीक होने की बात कही थी। इसके बावजूद मेडिकल कॉलेज में तैनात स्टाफ ने मरीज को ठीक से नहीं देखा और उसे रेफर कर दिया। उसकी हैसियत ऐसी नहीं थी कि वह रात में मरीज को बाहर ले जा पाता। जब उसने चिकित्सकों से अनुरोध किया तो उन्होंने उसके साथ अभद्रता की। सूचना पर कोतवाल शिवकुमार राठौर भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ भी स्वास्थ्य कर्मियों ने अभद्रता की। कोतवाल ने प्राचार्य को पूरे मामले से अवगत कराया है। प्राचार्य डॉ. डी नाथ का कहना है कि किस स्थिति में मरीज को रेफर किया गया है, यह देखेंगे। किसी के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगी, दंडात्मक कार्रवाई होगी।