महिला अस्पताल में स्टाफ को दिशा निर्देश देते सीएमओ डॉ एनडी शर्मा।
- फोटो : ORAI
उरई। सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने गुरुवार को जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में संविदा कर्मचारी अंजली, रामदेवी, रामकुंवर, मुलायम सिंह, हरिश्चंद्र, विवेक, छेदालाल, ममता, नियमित कर्मचारी में मिथलेश, शकुंतला और सुशील कुमार के साथ संविदा कर्मचारी अवधेश, सियावती, रश्मि, आरती और नीलम समेत 16 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इन सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएमओ ने निरीक्षण में सबसे पहले प्रसूता वार्ड में प्रसूताओं और नवजात को देखा। उन्होंने महिलाओं से उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। साथ ही स्टाफ के व्यवहार के बारे में पूछा। उन्होंने स्टाफ को निर्देशित किया कि वह रोजाना ड्यूटी पर आने के बाद मरीजों से उनकी समस्या पूछे और कोई दिक्कत हो तो चिकित्सक को इसकी जानकारी दें। इसके बाद सीएमओ ने चिकित्सकों, स्टाफ नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ अलग-अलग बैठक की। किसी तरह की लेनदेन की शिकायत मिलने के बाद दोषी के खिलाफ विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रभारी सीएमएस डॉ. एनआर वर्मा को निर्देशित किया कि वह दलालों का प्रवेश रोके और जगह जगह सीएमओ और सीएमएस का मोबाइल नंबर अंकित कराए। जिस पर शिकायत की जा सके। सभी चिकित्सक, कर्मचारी समय से अस्पताल में उपस्थिति हो। ड्रेस कोड का पालन करें। उन्होंने सीएमएस को निर्देशित किया कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था और सुदृढ़ करें।
---------------
अभियान चलाकर लगाई जाएगी प्रीकॉशन डोज
उरई। टीकाकरण अमृत अभियान के तहत 75 दिवसीय प्रीकॉशन डोज लगाने के लिए 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलेगा। इसके तहत 8.78 लाख लोगों को कोविड की प्रीकॉशन डोज लगाई जानी है। यह जानकारी सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि पहले प्रीकॉशन डोज, दूसरी डोज लगने के नौ महीने या 39 सप्ताह बाद लगती थी। अब यह छह माह यानी 26 सप्ताह के बाद लगानी जानी है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को यह डोज सभी सरकारी कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर मुफ्त लगाई जाएगी। इसमें मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर पर लगाई जाएगी। (संवाद)