जालौन। मिट्टी उठाने को लेकर दो गांवों के प्रधानों के बीच विवाद में मारपीट पर 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
छिरिया सलेमपुर गांव निवासी आशीष तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके गांव में गोशाला में खडंजा बिछाने के लिए पीली मिट्टी की आवश्यकता थी।
उन्होंने एसडीएम को पत्र देकर बताया था कि उनके गांव में पीली मिट्टी नहीं है। उनके पड़ोसी गांव मलकपुरा में परती भूमि पर पीली मिट्टी है। वहां से सात ट्राली मिट्टी उठवा दी जाए। एसडीएम ने सात ट्राली मिट्टी उठाने का आदेश जारी किया था।
आरोप लगाया कि आठ सितंबर को जब ट्रैक्टर चालक के साथ मलकपुरा गांव में मिट्टी उठाने के लिए गए तो मलकपुरा प्रधान अमित विरोध करने लगे।
एसडीएम के आदेश की बात कहने पर प्रधान अमित, भगवानदास, रमाकांत, शशिकांत, पीयूष और नीटू ने उन्हें और मजदूरों को पीटकर भगा दिया।
मलकपुरा प्रधान अमित ने पुलिस को बताया कि छिरिया सलेमपुर प्रधान प्रतिनिधि आशीष तिवारी जबरन ग्राम सभा की भूमि से मिट्टी उठा रहे थे।
मिट्टी उठाने से मना किया तो प्रधान प्रतिनिधि, गौरव, अनुज, आशीष, अनिल, संतोष और तरुण ने उनके साथ मारपीट की।