उरई। बीएसए चंद्रप्रकाश ने शुक्रवार को शहर के तीन निजी स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक स्कूल में कक्षा आठ तक कक्षाएं संचालित मिली। जबकि उस स्कूल की पांच तक की मान्यता थी। इस पर बीएसए ने जब नाराजगी जताई तो स्कूल संचालक ने उनके साथ अभद्रता की। बीएसए ने स्कूल संचालक को नोटिस जारी किया है।
शुक्रवार की सुबह 9.45 बजे बीएसए करमेर रोड स्थित नटराज इंटरनेशनल स्कूल पहुंचे। जहां कक्षा आठ तक की कक्षाएं संचालित मिली। मान्यता संबंधी कागजात मांगने पर स्टाफ टालमटोल करता रहा। यहां पर बच्चे एनसीईआरटी के स्थान पर प्राइवेट पब्लिकेशन की किताबें पढ़ रहे थे। इस दौरान प्रबंधतंत्र की ओर से उच्चाधिकारियों का नाम लेकर बीएसए पर दवाब बनाने की भी कोशिश की गई। बिना मान्यता के कक्षा आठ तक कक्षाएं संचालित करने पर स्कूल संचालक को नोटिस जारी करने की बात कही।
नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर 25 हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा। इसके बाद बीएसए रामजीलाल पांडेय इंटर कॉलेज पहुंचे। जहां कक्षाएं संचालित हो रही थी। स्कूल संचालक ने कक्षा आठ तक की मान्यता दिखाई। कृष्णा पब्लिक स्कूल का सुबह साढ़े 11 बजे निरीक्षण किया। यहां पर स्कूल संचालक से मान्यता की कॉपी मांगी तो स्कूल संचालक ने दिखा दी। उन्होंने बेहतर शिक्षा देने के निर्देश दिए।