उरई। सर्दी का सितम लगातार जारी है। इस बीच हुई बारिश ने मौसम को और ठंडा कर दिया।
तापमान भी लगातार लुढ़क रहा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 12 तो अधिकतम तापमान 19 रहा। सर्द हवाओं से बचने के लिए दिनभर लोग अलाव और रजाई का सहारा लेते रहे।
मंलगवार की रात और बुधवार की भोर शहर में 10 से 20 मिनट दो बार बारिश हुई। जिससे दिन भर धूप नहीं निकली। सड़कों पर कोहरे की धुंध और शीतलहर का असर दिखा। चार दिन से धूप न निकलने से हाड़ कंपाऊ ठंड का असर लोगों पर नजर आ रहा है। सुबह से ही सड़कों पर दो सवारी वाहन कम दिखाई पड़े। बाजार आने वाले बच्चे फुल स्वेटर, कान ढककर पहुंचे। शाम होने पर शहर के आंबेडकर चौराहे, कालपी बस स्टैंड, शहीद भगत सिंह चौराहा, स्टेशन रोड पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, निराश्रित लोग सर्दी में खुले आसमान के नीचे रात काटने को मजबूर हैं।
रामपुरा। मौसम में आए बदलाव से किसान खुश नजर आ रहे हैं। लगातार कोहरा पड़ने और हल्की बारिश होने से फसल लहराने लगी हैं। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी है। ये बूंदाबांदी किसानों के लिए अमृत बन रही है। किसान अरविंद, यासीन, कमलेश, विमल व सुधीर ने बताया कि कई सालों से मौसम किसानों का साथ नहीं दे रहा था। इससे किसानों की दुर्दशा हो गई थी। इस बार अच्छी पैदावार होने की उम्मीद किसान लगाए हुए हैं। मौसमी फसल गेहूं, बेझर, चना, मसूर व लाही के लिए कोहरा, बारिश अच्छी कारगार साबित होती है। कृषि विभाग के बीज गोदाम प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तो मौसम ठंडा है। अगर ठंड कम होती है तो फसल भी कम होगी। इस प्रकार के मौसम में अच्छी पैदावार होगी।
उरई। पनवेल से गोरखपुर जाने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस सात घंटे 31 मिनट, अहमदाबाद से बनारस जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस दो घंटा देरी से पहुंची। वहीं, गोरखपुर से सिकंदराबाद जाने वाली सिकंदराबाद एक्सप्रेस पांच घंटा 18 मिनट, मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस तीन घंटा 40 मिनट देरी से आई। जबकि गोरखपुर से बरौनी व बरौनी से गोरखपुर जाने वाली छपरा मेल बुधवार को निरस्त रही। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्री परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे के मुताबिक, छपरा मेल बुधवार को नहीं आई। जबकि कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंची। कोहरा समाप्त होने और ट्रैक रखरखाव का काम पूरा होने के बाद स्थिति में सुधार होगा।