उरई। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर रेल कर्मचारियों ने चार दिवसीय क्रमिक हड़ताल शुरू की। सोमवार को उरई रेलवे स्टेशन पर नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) के शाखा सचिव केके त्रिपाठी समेत 44 रेल कर्मचारी हड़ताल पर रहे और अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी भी की। रेल कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तब आंदोलन जारी रहेगा।
शाखा सचिव ने कहा कि पुरानी पेंशन हर कर्मचारी का हक है। अगर सरकार समय रहते रेल कर्मचारियों की मांग नहीं मानती है तो रेल कर्मचारी चक्का जाम आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे। विजय कुमार ने कहा कि कर्मचारी नवीन पेंशन स्कीम से अपने को ठगा महसूस कर रहा है। कर्मचारी पुरानी पेंशन ही चाहते है और सरकार को इसे देना ही होगा। इस दौरान अवधेश कुशवाहा, भरत, अश्वनी मिश्रा, अनूप, संजय रायकवार, तिलक सिंह, आशुतोष, शंकर, संतोष कुमार, कुलदीप आदि मौजूद रहे।