-रेलवे ट्रैक में आई खराबी को दूर करती इंजीनियरिंग विभाग की टीम।
- फोटो : ORAI
उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पर रिनियां रेलवे क्रासिंग 179 के पास ट्रैक में फ्रैक्चर हो गया। पेट्रोलमैन की सूचना इंजीनियरिंग विभाग ने दो घंटे का ब्लॉक लेकर ट्रैक दुरुस्त कराया। करीब साढ़े आठ घंटे तक ट्रेनों को सतर्कता आदेश देकर निकाला गया।
किलोमीटर नंबर 1236 के पास सुबह पांच बजे पेट्रोल मैन ने ट्रैक में हेयर फ्रैक्चर देखा। पेट्रोल मैन ने इसकी सूचना इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस को सूचना दी। मौके पर पहुंची इंजीनियरिंग विभाग ने ट्रैक में पट्टी बांधकर 30 की स्पीड से सतर्कता आदेश देकर ट्रेन को गुजारा गया।
कुछ देर बाद रेल पथ निरीक्षक सैय्यद मुहम्मद तलहा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोपहर 12.35 बजे से 2.35 बजे तक दो घंटे का ब्लॉक लेकर ट्रैक में आई कमी को दुरुस्त किया। ट्रैक में सात मीटर पट्टी जोड़ी गई। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे ने कहा कि सर्दी के चलते ट्रैक मे मामूली फ्रैक्चर हुआ था। ट्रेनों को सतर्कता आदेश देकर निकाला गया।
यह ट्रेनें हुई प्रभावित
सिकंदराबाद से गोरखपुर जाने वाली राप्तीसागर (12592), पुणे से लखनऊ एक्सप्रेस (12103), झांसी से लखनऊ इंटरसिटी (11109), मुंबई से प्रतापगढ़ उद्योगनगरी एक्सप्रेस (12173), पनवेल से गोरखपुर एक्सप्रेस (15066) और झांसी से कानपुर सीमेंट का रैक लेकर जा रही एक मालगाड़ी प्रभावित हुई।