एक्सप्रेसवे पर हादसे में मरने वाले युवक का फाइल फोटो।
- फोटो : ORAI
उरई। कोबरा पुलिस की बाइक से टक्कर लगने से शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे एक युवक घायल हो गया। युवक को इलाज के लिए कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की बताई जा रही है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के बरहा गांव निवासी 18 वर्षीय मोहित कुमार शाम को एक्सप्रेसवे पर टहलने गया था। अभी वाहन नहीं चल रहे हैं, वह वहां घूमने के बाद लेट गया। तभी जालौन की ओर से पुलिस की कोबरा बाइक आई और उसको रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक चढ़ने से उसके कमर का निचला हिस्सा बुरी तरह से जख्मी हो गया। इस घटना में पुलिस का एक सिपाही भी जख्मी हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस का एक वाहन आया और जख्मी सिपाही को इलाज के लिए लेकर चला गया पर घायल युवक को छोड़ गया। हादसे की सूचना पर ग्रामीण पहुंचे और घायल युवक को जिला अस्पताल ले गए। वहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया पर रास्ते में मौत हो गई।