कालपी में घटनास्थल पर जांच करते अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी व अन्य
- फोटो : ORAI
कालपी। नगर के मोहल्ला उदनपुरा स्थित प्राचीन शिवालय के पास मांस का टुकड़ा मिलने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एडीएम और एएसपी सहित सर्किल के सभी थानों से पुलिस बुला ली गई। अफसरों ने शिवालय के पास सफाई कराई। सभी को समझाकर शांत कराया। बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है।
नगर के मोहल्ला उदनपुरा में प्राचीन शिवालय है। शनिवार सुबह मंदिर की दीवार के पास लोगों ने मांस का बड़ा टुकड़ा पड़ा देखा। इससे भक्तों में आक्रोश फैल गया। थोड़ी देर में ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। सूचना पाकर सीओ व कोतवाल पहुंचे व सूचना जिला प्रशासन को दी। उरई से एडीएम पूनम निगम, एएसपी असीम चौधरी भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने लोगों को समझाकर मंदिर की दीवार के पास सफाई कराई। इसके बाद कोतवाली परिसर में एडीएम व एएसपी ने मोहल्ला उदनपुरा के मंदिर के आसपास के लोगों से मुलाकात की और जानकारी ली। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।