कोंच। काम कराए बगैर काम के फोटो खींचकर वेबसाइट पर अपलोड करने के मामले में बीडीओ ने विभागीय कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।बीडीओ कोंच प्रतिभा शाल्या ने नोटिस जारी कर कहा कि ग्राम पंचायत में चल रहे गोशाला निर्माण में भूसा घर एवं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का एनएमएमएस पर श्रमिकों की उपस्थिति का अवलोकन किया गया। अवलोकन करने पर पाया गया कि प्रत्येक मस्टररोल में फोटो से फोटो खींचकर उपस्थिति को दर्ज किया जा रहा है। जो कि नियमतः गलत है और मनरेगा नियमों के विपरीत है। इससे प्रतीत होता है कि कार्यस्थल पर कार्य नहीं किया जा रहा है और गलत तरीके से फोटो से फोटो खींचकर उपस्थिति को वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।
ग्राम असूपुरा के उक्त प्रकरण में बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी वसीम खान, रोजगार सेवक लालजी प्रसाद, तकनीकी सहायक हरिश्चंद्र को नोटिस जारी किया। इसी प्रकार से ग्राम गुमावली में गोशाला के खड़ंजा निर्माण मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी अनुज गुप्ता व रोजगार सेवक, ग्राम बिलायां में सीसी निर्माण मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी शिल्पी राजपूत व रोजगार सेवक को नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत न करने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।