कोंच। लंबे समय से नई सीवर लाइन की मांग कर रहे काेंच कस्बे के निवासियों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। 20 साल पहले पड़ी सीवर लाइन जर्जर हो चुकी है। कस्बे की आबादी भी बढ़ी पर सीवर लाइन की समस्या पर पूर्वानुमान नहीं लगाया गया। इस वजह से हालात बिगडते चले गए। कोंच के अन्य मोहल्लों की तरह सुभाष नगर में भी लोग सीवर समस्या से जूझ रहे हैं और सड़कों व गलियों में सीवर की गंदगी बह रही है।
कस्बे की प्रमुख समस्या बन चुकी सीवर समस्या से कस्बे के सुभाष नगर में रहने वाले लोग भी परेशान है। मोहल्ले में घरों के बाहर सीवर चैंबर वर्षों से उफना रहे हैं। मोहल्ले में शशांक श्रीवास्तव के आवास के सामने सीवर चैंबर पिछले कई वर्षों से बह रहा है । उफनाते सीवर से कुछ दूरी पर मां शीतल माता मंदिर बना है, वहां रोजाना सुबह-शाम सड़कों भक्त दर्शन करने के लिए जाते है लेकिन उन भक्तों को सीवर की गंदगी से गुजरना पड़ता है।
मोहल्ले वालों का कहना है कि मोहल्ले में जगह-जगह सीवर बह रहा है और लोग गंदगी से परेशान हैं। कई सीवर चैंबर में पाइप डाल कर जल संस्थान ने नालियों में डाल दिए गए हैं, जिससे दुर्गंध हमेशा फैली रहती है। कई बार नगर पालिका और जल संस्थान कार्यालय में जाकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस उपाय नहीं निकल पाया है।
जनप्रतिनिधियों की लापरवाही, झेल रही है जनता
क्षेत्रीय नागरिक शशांक श्रीवास्तव का कहना है कि कस्बे की सीवर की समस्या में सबसे बड़ी लापरवाही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की है। जिससे जनता वर्षों से जूझ रही है। अगर जनप्रतिनिधि ध्यान दें तो समाधान भी हो जाए। सुभाष नगर निवासी महेश्वरी देवी का कहना है कि सीवर समस्या झेलते-झेलते परेशान हो गए हैं। घर से मंदिर जाने तक के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं है, नहा धोकर जब भी मंदिर जाते है सीवर से होकर गुजरना पड़ता है। कस्बे के सुभाष नगर में किराये पर रह रहीं नीलम देवी का कहना है कि गांव से कस्बे में रहने के लिए आए थे लेकिन यहां सीवर की गंदगी से परेशान है। वह यह कमरा छोड़ कर दूसरी जगह पर सुरक्षित कमरा लेंगे। यहां गंदगी और दुर्गंध से परेशान हो रहे हैं। सुभाष नगर निवासी रेखा समाधिया का कहना है कि हर व्यक्ति से जुड़ी यह पुरानी समस्या है फिर भी अभी तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। इसके लिए जिम्मेदार अपने जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए और कस्बे की जनता को बड़ी समस्या से निजात दिलाए।
एसडीएम ने सीवर समस्या का कराया अस्थायी समाधान
कोंच। पिछले कई महीनों से कस्बे की गलियों में सीवर चैंबर उफना कर बह रहे थे। इससे इलाकाई लोगों को भारी परेशानी का सामना करा पड़ रहा था। लगातार अमर उजाला में प्रकाशित सीवर की समस्या की खबर पर अधिकारियों के संज्ञान के बाद सोमवार को कस्बे में सीवर सफाई का अस्थायी समाधान शुरू कर दिया गया है।
कस्बे के पटेल नगर के बाजार वाली गली में वर्षों से बह रहा सीवर की सफाई जल संस्थान से शुरू करा दी है। एसडीएम ज्योति सिंह खुद सीवर सफाई का जायजा लेने मौके पर पहुंची और जल संस्थान के जेई आलोक श्रीवास्तव को कड़े निर्देश दिए कि एक-एक कर कस्बे के सभी बह रहे सीवरों की ठीक से सफाई कराई जाए। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान ठेकेदार अखिल वेद, प्रदीप अग्रवाल, आकाश बीड़ी वाले आदि मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि कि सीवर चैंबरों की सफाई कोई ठोस समाधान नहीं है, इसका पुनर्गठन ही संपूर्ण समाधान है, लेकिन फौरी समाधान से इलाकाई लोगों को कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है। एसडीएम ने कहा कि जल संस्थान के जेई व पालिका ईओ को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि जहां से भी सीवर की गंदगी की सूचना मिले तो वहां पर तत्काल सफाई कराई जाए ।