उरई। साबरमती एक्सप्रेस में एक यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अहमदाबाद से बनारस जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस (19167) की जनरल बोगी में सवार होकर अपने घर जा रहा था। रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई और देखते ही देखते मौत हो गई। उरई में रेलवे अस्पताल के डाक्टर के साथ जीआरपी ने ट्रेन को अटेंड कर जांच पड़ताल की। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने शव को उतारा । जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि मृतक शेर सिंह (24) पुत्र सुखराम निवासी वभनी जनपद सोनभद्र का निवासी है। वह अहमदाबाद में एक दवा कंपनी में काम करता था, होली की छुट्टी में घर आ रहा था। तभी उसकी हालत रास्ते में बिगड़ गई। उसके साथ उसका मित्र राकेश कुमार यात्रा कर रहा था। राकेश ने बताया कि जब ट्रेन मोठ स्टेशन निकल रही थी तभी उसकी हालत बिगड़ने लगी, उसने रेलवे हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से सूचना दी। इधर, गाड़ी स्टेशन पर आते ही रेलवे अस्पताल के डाक्टर के साथ जीआरपी, आरपीएफ के सिपाही मौके पर पहुंचे। डॉक्टर देव कौशिक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसे बोगी से उतारा गया और आवश्यक कार्रवाई की गई। जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजन आने के बाद पंचनामा भर लिया है। इसके चलते ट्रेन शुक्रवार की रात 8:42 बजे से 8:52 बजे तक 10 मिनट खड़ी रही।