कोंच। चमेंड़ गांव निवासी पंचायत सहायक ने ग्राम विकास अधिकारी पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति को पत्र प्रेषित कर न्याय की गुहार लगाई है। पंचायत सहायक ने पत्र में कहा है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो उसे इच्छामृत्यु की स्वीकृति दे दी जाए। कोंच ब्लॉक के चमेंड़ निवासी अंकित सिंह ने भारत की राष्ट्रपति को भेजे अपने पत्र में कहा कि वह अपने गांव में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत है और वर्तमान समय में बीएलओ का कार्य कर रहा है। पत्र में लिखा कि एसआईआर कार्य में वोट काटने, बढ़ाने के नाम पर ग्राम विकास अधिकारी एवं सहायक अध्यापक सुपरवाइजर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं, उसे गलत तरीके से दोषी ठहरा रहे हैं जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है। अंकित ने राष्ट्रपति से मामले में उसे न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो उसे इच्छामृत्यु की अनुमति दे दी जाए। (संवाद)