महेवा। भैया दूज पर प्रशासन की अनुमति न मिलने पर लोग यमुना में स्नान करने के लिए घाट तक नहीं पहुंचे। जो किसी तरह पहुंच भी गए, वो पुलिस को देखकर लौट आए।
सिरसाकलार क्षेत्र में यमुना नदी पर भैया दूज पर लोग स्नान करने जाते हैं। पिछले दिनों नदी में डूब जाने से ग्राम कोड़ा किर्राही काल भैरव घाट और पाल सरैनी पथरी घाट पर दो मासूमों सहित तीन लोगों की यमुना नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई थी।
सिरसा कलार थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि भैया दूज पर पुलिस ने पूर्ण रूप से यमुना स्नान करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब 8 नवंबर को पूर्णिमा के दिन जो पर्व पड़ेगा उसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल और गोताखोरों की डिमांड उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।