कालपी। नगर में एक बार फि र 3 कोरोना संक्रमित मरीज निकलने के बाद मोहल्ला रामचबूतरा तथा राजेपुरा को सील कर सैनिटाइज कराया गया। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पहुंचे उपजिलाधिकारी ने बैरिकेडिंग लगाकर इलाके को सील कर दिया। मोहल्ला रामचबूतरा में सेवानिवृत्त एक शिक्षक दवा लेने कानपुर गए थे, कानपुर में हुई जांच के बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसी प्रकार मोहल्ला राजेपुरा निवासी युवती ने कोरोना टेस्ट कराया जिसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं इलाहाबाद बैंक मंडी शाखा के 11 कर्मचारियों के सैंपल रेंडम जांच हेतु भेजे गए थे, जिसपर एक 54 वर्षीय बैंक कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बैंक को बंद कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ उपजिलाधिकारी कौशल कुमार तथा अधिशाषी अधिकारी के मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग लगाकर इलाकों को सील किया तथा सैनिटाइज कराया। कार्यवाहक चिकित्साधीक्षक डा. सुंदर सिंह ने बताया कि संक्रमितों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है, संपर्क में आए लोगों के स्वास्थ्य विभाग टीम के द्वारा सैंपल लिए जा रहे हैं।