कालपी (जालौन)। तेजरफ्तार ट्रक ने एक 60 वर्षीय वृद्धा को कुचल दिया। सिर में चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देख आसपास के लोग मौके पर भागे, तब तक चालक भाग निकला। घटना की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कालपी निवासी रामप्यारी 60 वर्ष गुरुवार सुबह एमएसवी इंटर कालेज के पास रोड क्रास कर रही थी, तभी कानपुर की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया और सिर में चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को देखकर आसपास के दुकानदार व राहगीर मौके पर भागे और चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौका पाकर भाग गया। अति व्यस्ततम इलाके में हुई घटना की जानकारी पाकर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। भीड़ को हटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हादसे को अंजाम देकर भागे चालक की तलाश की जा रही है। हालांकि ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली खड़ा कराया गया है। वृद्धा का कोई वारिस भी नहीं था।