कोंच। सीवर समस्या पर चलाए गए अभियान का असर दिखने लगा है। जिला प्रशासन से लेकर शासन तक इस समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद कोंच कस्बे के लोगों को राहत देने के लिए उफनाते सीवर चैंबरों को बाईपास करने का काम तेज हो गया है।
वहीं, शासन स्तर पर लंबित सीवर पुनर्गठन प्रस्ताव पर इसी माह स्वच्छ भारत मिशन के तहत निदेशालय स्तर पर होने वाली बैठक के बाद कोई ठोस निर्णय लिया जा सकता है। खबरों के प्रकाशन और समस्या का सकारात्मक परिणाम आने के बाद स्थानीय लोगों ने अमर उजला को धन्यवाद कहा है।
वर्षों से सीवर की गंदगी से जूझ रहे कस्बे के लोगों की समस्या पर तेजी से काम शुरू हो गया है। कस्बे के दो प्रमुख मोहल्ले प्रताप नगर व पटेल नगर के लोग सीवर की गंदगी से पिछले कई वर्षों से परेशान होकर नारकीय जिंदगी जीने को मजबूर थे। कस्बे की प्रमुख समस्या की खबरों का संज्ञान लेकर दोनों मोहल्लों के सीवर चैंबरों की सफाई कराकर उनमें बाइपास डाल दिया गया है। जिससे अब सीवर की गंदगी सड़कों पर नहीं फैलेगी। गुरुवार को कोंच आए जल संस्थान के एक्सईएन सोम प्रकाश के निरीक्षण के बाद काम में तेजी देखने को मिली है। उन्होंने उफनाते सीवर चैंबरों में बाइपास डालने के निर्देश जेई जल संस्थान आलोक श्रीवास्तव को दिए थे। उसके बाद उफनाते सीवर चैंबरों पर बाइपास डालने का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
नई सीवर लाइन का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित
कोच। जल निगम ने सीवर लाइन पुनर्गठन योजना का प्रस्ताव इसी वर्ष शासन को भेजा था।जिसमें आबादी के हिसाब से नए पाइप डालकर समस्या का समाधान होना है। वर्षों पुरानी सीवर समस्या को लेकर जल निगम के एक्सईएन हिमांशु नेगी का कहना है कि इसी वर्ष फरवरी माह में जल निगम ने कोंच सीवर पुनर्गठन का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव की फाइल अभी स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय लखनऊ में लंबित है। प्रस्ताव को लेकर लखनऊ में इसी माह एसएलटीसी समिति की बैठक होनी है। उसमें यह प्रस्ताव रखा जाएगा। अभी कोई तारीख निश्चित नहीं हुई है, लेकिन इसी माह होने वाली इस बैठक के बाद समस्या का समाधान हो सकता है। (संवाद)
कोंच कस्बे के पटेल नगर निवासी प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि सीवर की समस्या बड़ी समस्या है, इसका निदान सिर्फ सीवर नेटवर्क का पुनर्गठन है। लेकिन अमर उजाला की खबरों से मोहल्ले वालों को बड़ी राहत मिली है। जिसके लिए अमर उजाला की पूरी टीम का धन्यबाद ज्ञापित करते हुए कहा है कि खबरों से सीवर गंदगी से बड़ी राहत मिली है। जहां हम लोगों का सड़कों से निकलना मुश्किल हो रहा था।
कस्बे के प्रताप नगर निवासी रामकुमार बिलाईया का कहना है कि अमर उजाला की खबर प्रकाशित होने के बाद पूरे मोहल्ले वासियों को बड़ी राहत मिली है। कई बार शिकायतें करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो पाया था लेकिन खबरे के बाद दूर हुई वर्षों पुरानी समस्या ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है ।