उरई। लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में मतदान को लेकर कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन ड्यूटी लगने के बाद अब कर्मी अपनी ड्यूटी कटवाने की फिराक में दफ्तर के चक्कर लगाते हुए घूम रहे हैं। इसे देखते हुए मेडिकल परीक्षण के लिए सीएमओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। जो पूरी जांच पड़ताल के बाद ही कमियां मिलने पर छुट्टी करने के लिए मंजूरी देगी।
जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर करीब आठ हजार कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी लगने से कई लोग खासे परेशान भी हैं। कई बार लोग फर्जी तरीके से मेडिकल के कागजात बनवाकर अपनी चुनाव ड्यूटी को कटवा लेते हैं। झूठी जानकारी देकर छुट्टी की फिराक में रहने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इसी को देखते हुए सीएमओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। जो पूरी जांच पड़ताल के बाद ही ड्यूटी कटवाने की मंजूरी देगी। सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि अब चुनाव से कर्मी अपनी ड्यूटी नहीं कटवा पाएंगे। अगर किसी को विशेष समस्या है तो टीम पूरी जांच के बाद ही मंजूरी देगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई फर्जी तरीके से ड्यूटी से नाम कटवाता है और जांच में पाया जाता तो उसके साथ कार्रवाई की जाएगी।