आटा। ओवरलोड वाहनों पर लगातार कार्रवाई होने के बाद भी आटा-इटौरा रोड स्थित जोल्हूपुर क्रासिंग पर बालू के ट्रकों की ओवरलोडिंग जारी है। इन स्थिति के चलते इस सड़क की हालत खराब हो रही है।
एसडीएम कालपी ने पिछले दो महीने में बालू से भरे लगभग सौ ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की है। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते एसडीएम और सीओ आटा फीडर से रात में बिजली आपूर्ति की बहाली कराने गए थे। इसी दौरान उन्होंने आटा-इटौरा मार्ग पर आ रहे ओवरलोड वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। दोनों अधिकारियों ने 20 से अधिक वाहनों को रोका। इनमें 18 वाहन ओवरलोड पाए गए। इनको सीज कर दिया गया। दो दिन पहले हुई इस कार्रवाई के बावजूद इस रोड से ओवरलोड वाहनों का आवागमन बदस्तूर जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार ओवरलोड वाहनों के गुजरने से आटा-इटौरा सड़क धस रही है। इस वजह से यहां पर हादसे का खतरा बना हुआ है।
एसडीएम अभिषेक कुमार का कहना है कि ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दो महीने में सौ से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है।