घर में सो रही महिला के साथ पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कालपी। घर में सो रही महिला के साथ पड़ोसी युवक ने देर रात उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया। महिला के शोर मचाने पर उसके बच्चे मौके पर आ गए। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि गुरुवार की रात वह अपने घर में सो रही थी। जबकि उसके बच्चे दूसरे कमरे में थे। तभी पड़ोसी युवक छत के रास्ते से उसके घर में आ गया और सोते हुए उसे दबोच लिया। युवक ने उसका मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तभी उसके बच्चे आ गए। आरोपी युवक धक्का मुक्की कर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी रणजीत सिंह को शुक्रवार की दोपहर बरही बंबा के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।