कुठौंद। चोरों ने आटो पार्ट्स और बाइक रिपेयरिंग की दुकानों के ताले तोड़कर एक बाइक और लगभग सवा लाख रुपये के पार्ट्स चोरी कर लिए। सुबह दुकानदार जब दुकान पर पहुंचे तो टूटा ताला और सामान गायब देख पुलिस को सूचना दी। पीड़ितों ने चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।
कुठौंद कस्बे के माधौगढ़ तिराहे के पास स्थित विनय उर्फ वासु की आटो पार्ट्स और अमरचंद्र की बाइक रिपेयरिंग की दुकानें हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने दोनों की दुकानों के शटर के ताले तोड़कर दुकान में रखे 80 पिस्टन, अन्य पार्ट्स व एक बाइक चोरी कर ली।
दुकानदार विनय और अमरचंद्र ने बताया कि चोर दुकान के बाहर ज्वैलरी के खाली डिब्बे व कुछ सामान छोड़ गए है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
चोरी की घटना से लोगों में दहशत भी है। थानाध्यक्ष अखिलेश दिवेदी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त कर तलाश की जा रही है।