उरई। पुलिस ने एक अभियुक्त को मुठभेड़ में पकड़ा है, उसके पैर में गोली मारी। उस पर एक युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज है।
थाना क्षेत्र के हरदोई गूजर गांव की रहने वाली 18 वर्षीय दीक्षा पाल कोंच महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा थी। सोमवार की सुबह उसका शव घर के ही एक कमरे में फंदे पर लटका मिला था। मंगलवार को उसके पिता रमाकांत पाल ने थाने में तहरीर दी, जिसमें उन्होंने गांव के ही रहने वाले शाहिद खान पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। बताया कि यह आरोपी अपराधी और आवारा किस्म का है। पुलिस ने इस मामले में टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी।
एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए एसओजी, सर्विलांस और एट थाना पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर सोमई से हरदोई गूजर जाने वाले प्रतीक्षालय के पास टीम पहुंची। खुद को पुलिस से घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसके पास से अवैध असलहा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किया गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।