जालौन। चुनाव आयोग के निर्देंश पर मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने एवं कोई व्यक्ति दो स्थानों पर मतदान न कर सके इसके लिए मतदाता सूची को आधार से लिंक कराने की प्रक्रिया चल रही है। बीएलओ, वेबसाइट अथवा एप के माध्यम से सभी मतदाता अपने आधार को मतदाता सूची से लिंक करा सकते हैं। यह अपील एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के सभी मतदाताओं से की है।
मतदाता को आधार नंबर से लिंक करने के लिए बीएलओ को लगाया गया है, जो घर-घर जाकर मतदाताओं से आधार नंबर लेकर उसे लिंक कर रहे हैं। मतदाता स्वयं भी अपने आधार कार्ड को मतदाता एप वोटर हेल्प लाइन या भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ऑनलाइन एनवीएसपी पोर्टल पर लिंक कर सकते हैं।
मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने का कार्य 31 मार्च 2023 तक पूर्ण किया जाना है। तहसीलदार बलराम गुप्ता ने बताया कि जिन लोगों की उम्र एक जनवरी 2023 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो और उसका प्रकाशित मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, तो वह अपने क्षेत्र से संबंधित बीएलओ व तहसीलदार कार्यालय में संचालित मतदाता पंजीकरण केंद्र में फार्म नंबर-6 भरकर आवेदन कर सकता है।
किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए फॉर्म सात व नाम सही कराने के लिए आठ नंबर फॉर्म भरना होगा। मतदाता स्वयं साइट पर फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम भी दर्ज करवा सकते हैं।