उरई। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की... की गूंज के साथ नगर के श्रीकृष्ण मंदिरों में तथा भक्तों के घरों में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य दिवस जन्माष्टमी श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई गई। पकवानों का भोग लगाकर प्रसाद बांटा गया।
शहर के राधाकृष्ण मंदिर, ठड़ेश्वरी मंदिर, रामेश्वर मंदिर समेत सभी मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। पुलिस लाइन में भी कृष्णा जन्माष्टमी मनाई गई। बीकेडी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। स्कूल की चेयरमैन सुविधा इटोरिया, प्रधानाचार्य सीमा श्रीखंडे, जूनियर विग की इंचार्ज नीतू सिंह ने बच्चों को माखन मिश्री खिलाई। बच्चों ने मटकी फोड़कर माखन खाया। वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के द्वारा पुलिस लाइन में जन्माष्टमी पर बच्चों की फैंसी ड्रेस एवं पेटिंग प्रतियोगिता हुई। जिसमें पुलिस परिवार के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रथम, द्वितीय,तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों का एसपी ईरज राजा ने सम्मानित किया। वामा सारथी की अध्यक्ष कल्याणी वर्मा भी मौजूद रहीं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व गुरुवार को नगर व क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। शाम से लेकर आधी रात तक सनातनी घरों के अलावा मंदिरों में घंटे घड़ियालों और शंख ध्वनि के बीच खीरे के डंठल से देवकीनंदन का प्राकट्य हुआ। ब्राह्मणों के उच्चारित वेदमंत्रों के बीच अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
मंदिरों में भी सायं वेला से प्रारंभ होकर मध्य रात्रि तक श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव के कार्यक्रम होते रहे। मंदिरों को काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्राकट्योत्सव के मुख्य आयोजन कल्याण राय मंदिर, मुरली मनोहर मंदिर एवं द्वारकाधीश मंदिर में हुए, जबकि राधावल्लभ महाराज एक दिन पूर्व ही बुधवार की रात प्रकट हो गए। इस अवसर पर खूब बधाइयां गाईं गईं।
धर्मादा रक्षिणी सभा द्वारा संचालित कल्याणराय मंदिर में जन्माष्टमी पर्व काफी धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती गाई, तदोपरांत प्रसाद बांटा गया। इस दौरान धर्मादा अध्यक्ष गंगाचरण वाजपेयी, मिथलेश गुप्ता, राममोहन रिछारिया, जय मुखिया, नवनीत गुप्ता, अरविंद गुप्ता आदि रहे। ज्योतिषाचार्य संजय रावत शास्त्री के प्रधान आचार्यत्व में वेदपाठी ब्राह्मणों ने श्री कृष्ण प्राकट्य एवं अभिषेक के अनुष्ठान हुए। स्वर्णकार समाज द्वारा संचालित श्री मुरली मनोहर मंदिर में भी भव्य तरीके से जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीओ ऑफिस परिसर में स्थित सिद्धेश्वर मंदिर पर जन्माष्टमी पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।