उरई। झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को 9 जून से 14 जून तक निरस्त किया गया है। यह निरस्तीकरण पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मानकनगर रेलखंड में चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य के चलते किया गया है। वैसे तो कई ट्रेनें निरस्त की गई है लेकिन झांसी कानपुर रेलखंड की दो ट्रेनें निरस्त हुई है। कुछ ट्रेनों को रोककर चलाया जाएगा।
बता दें कि झांसी कानपुर रेलमार्ग की लाइफलाइन मानी जाने वाली झांसी लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को 9 से 14 जून के बीच निरस्त किया गया है। इस ट्रेन से व्यापारी और रोजाना अप डाउन करने वालों को सबसे ज्यादा सहूलियत होती है। इस ट्रेन के माध्यम से यात्री लखनऊ तक का सफर सुगमता से कर लेते हैं। अब इस ट्रेन के छह दिन के लिए निरस्त होने पर यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। इसके अलावा हुबली से गोमतीनगर के बीच चलने वाली समर स्पेशल को 9 व 11 जून को निरस्त किया गया है।
झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इसके अलावा पुणे से लखनऊ जाने वाली ट्रेन नंबर 12103, लखनऊ से चेन्नई जाने वाली चेन्नई एक्सप्रेस नंबर 16094, गोरखपुर से पनवेल और पनवेल से गोरखपुर जाने वाली पनवेल एक्सप्रेस, बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल नंबर 11124, लखनऊ से मुंबई और सीतापुर से मुंबई जाने वाली ट्रेनों को रोककर चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को दिक्कत होगी।