अधिकारियों की बैठक लेती डीएम चांदनी सिंह
- फोटो : ORAI
उरई। जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने जिले में निर्माणाधीन पुलों की प्रगति के संबंध में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं को अभियान चलाकर समय से पूरा कराएं। पुलों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखें।
अभियंताओं से कहा कि परियोजना में यदि धन की आवश्यकता हो तो जानकारी दें, ताकि शासन स्तर पर शीघ्र प्रयास किया जा सके। काम किसी भी दशा में रुकना नहीं चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि काम के वे स्थलीय निरीक्षण करें। निर्माण कार्यों को ठेकेदारों के भरोसे न छोड़ें। उन्होंने यमुना नदी सेतु, पाल सरैनी घाट, जोल्हूपुर मोड़ रेल उपरिगामी सेतु, मऊ मिहौनी दबोह (मध्य प्रदेश) मार्ग पर पहूज नदी सेतु, सिद्धपुरा-सुल्तानपुरा मार्ग पर सिंध नदी सेतु, हीरापुर-अनघौरा लहार मार्ग पर मृगा नदी सेतु, इकौना-पाली मार्ग पर निधानन डेरा नाला सेतु, जालौन-औरैया मार्ग के किलोमीटर 346 पर कोंच-मलंगा सेतु पर निर्माणाधीन परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने की बात कही।
इस दौरान सीडीओ डॉ अभय कुमार श्रीवास्तव, एडीएम पूनम निगम, मुख्य परियोजना प्रबंधक सेतु निगम बांकेराम आदि अधिकारी मौजूद रहे।