फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालौन : मनरेगा के काम में घपलेबाजी, पांच पर गिरेगी गाज

विज्ञापन
विज्ञापन
उरई। ब्लाक रामपुरा के नावर गांव में काम कराए बिना ही तीन लाख 87 हजार, 293 रुपये निकाल लिए गए। जब मनरेगा लोकपाल ने भौतिक सत्यापन किया तो काम मौके पर नहीं पाया गया। इतनी बड़ी राशि के बंदरबांट में पूर्व प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक की लिप्तता पाई गई। रोजगार सेवक का पति सफाई कर्मी है, इसमें उसका शामिल होना पाया गया है। जांच में घपले की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने इन सभी पर एक हफ्ते में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसमें चार से बराबर-बराबर राशि वसूल की जाएगी। दो की सेवाएं खत्म करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन

ग्रामपुरा ब्लाक के ग्राम पंचायत नावर में कई स्थानों पर गूल खुदाई का काम दिखाया गया। सिंचाई के लिए गूल की रिपेयरिंग का भी काम दिखाया गया। पक्की नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग के नाम पर तीन लाख 87 हजार, 293 रुपये का घपला किया गया था।
इसकी ग्रामीणों ने शिकायत की थी। इसमें पूर्व प्रधान नाथूराम, सचिव संजय श्रीवास, तकनीकी सहायक नईम मोहम्मद और रोजगार सेवक सीमा वर्मा पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया था। जिसकी जांच लोकपाल मनरेगा ने की थी। इसमें रोजगार सेवक सीमा वर्मा का पति संजय वर्मा ग्राम पंचायत में सफाईकर्मी है। वह मनरेगा का भी काम देखता है। उस पर भी घपले में शामिल होने के आरोप हैं। सीमा वर्मा उरई में रहती हैं। ग्राम पंचायत सचिव संजय श्रीवास रिश्तेदार हैं। इसलिए दोनों ने मिलकर मनरेगा के कार्य में धनराशि का बंदरबांट किया है।
विज्ञापन

लोकपाल मनरेगा की जांच में दर्शाए गए सभी कार्यों में अनियमितताएं पाई गईं। मनरेगा लोकपाल की रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ने कार्रवाई करने का आदेश जारी किए हैं। इसमें पूर्व प्रधान नावर नाथूराम, सचिव संजय श्रीवास, तकनीकी सहायक नईम मोहम्मद और रोजगार सेवक सीमा वर्मा बराबर अनुपात में वसूली के आदेश दिए हैं।
धनराशि जमा न करने पर एफआईआर के आदेश दिए गए हैं। विकास खंड अधिकारी रामपुरा को निर्देश दिया गया है कि तकनीकी सहायक की सेवा संविदा और रोजगार सेवक की सेवा समाप्त करने के आदेश जारी करें। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि सचिव से वसूली जमा करके विभागीय कार्रवाई करें। सफाई कर्मी संजय वर्मा को उस ग्राम पंचायत से हटाकर अनियमितता की जांच कराकर कार्रवाई करें।
विज्ञापन

किससे कितनी होगी वसूली
पूर्व प्रधान नावर नाथूराम - 96823
सचिव संजय श्रीवास 96824
तकनीकी सहायक नईम मोहम्मद 96823
रोजगार सेवक सीमा वर्मा 96823
कुल राशि 387293 रुपये
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें