उरई जिले में लकड़ी लादकर जा रहा ट्रक बाढ़ के पानी की वजह से सड़क धंसी होने पर पलट गया। हादसे में खलासी केबिन में ही फंसा रह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। कालपी कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव से लकड़ी लादकर जा रहा ट्रक मोड़ के पास सड़क पर बाढ़ का पानी भरा होने व सड़क धंसी होने से अनियंत्रित होकर पलट गया।
इसमें खलासी गौरव (22) निवासी अनवरपुर थाना पिलखुआ जिला हापुड़ ट्रक के केबिन में फंस गया। ट्रक पलटता देख ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम अंकुर कौशिक, सीओ रामसिंह, कोतवाल जितेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
क्रेन से फंसे खलासी को देर रात निकालने का प्रयास करते रहे। उसका आधा शरीर पानी में डूबा होने की वजह से उसे निकालने में देर लग गई। इस दौरान सिर पानी में डूबे होने से उसकी मौत हो गई।