संवाद न्यूज एजेंसी
आटा। रात दिन ओवरलोड ट्रकों के निकलने से लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्रवाई के बाद भी प्रशासन इसको रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के निकलने से कुछ समय पहले बना रोड फिर से जर्जर हो गया है। जिससे आए दिन जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। जोल्हूपुर हमीरपुर मार्ग के बंद होने से भारी वाहनों को आटा इटौरा मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसी का फायदा उठाकर पूरे दिन ओवरलोड वाहन इसी मार्ग से होकर गुजर रहे हैं। हालत यह है कि पैदल चलने वाले लोगों को भी अब परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे आए दिन आटा इटौरा रोड पर जाम लगा रहता है, कई बार घंटों इस मार्ग पर रोडवेज बसें व एंबुलेंस फंसी रहती हैं। जानकारी के बाद भी यह लोग आसानी से निकल जाते हैं। जिससे हादसे का खतरा बना रहता है, लोगों का कहना है कि सैंकड़ों की संख्या में निकल रहे ओवरलोड वाहनों से सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई है।