उरई। मोबाइल दुकान से लाखों रुपये का सामान पार करने वाले अंतरराज्यीय चोर को पुलिस ने चोरी के सामान समेत पकड़कर जेल भेज दिया। उसका दूसरा साथी मौके से भाग गया। घटना का खुलासा एसपी रवि कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन में किया।
एसपी ने बताया कि सोमवार की देर रात चोरों ने आटा कस्बा के हाईवे पर स्थित लक्ष्मण की दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। थाना पुलिस ने झांसी कानपुर हाईवे स्थित थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के पास से मुन्ना कुमार निवासी लक्ष्मीपुर सायत वार्ड नंबर एक राघोपुरा जनपद सुपोल बिहार को चोरी के सामान एक लैपटॉप, 38 मोबाइल, इयरफोन, लीड, चार्जर आदि समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में मुन्ना ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से आटा में ही ई-रिक्शा चलाकर अपना भरण पोषण कर रहा था। उसने बिहार निवासी एक अन्य साथी के साथ मिलकर दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, संजय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।