पुलिस की अनियंत्रित गाड़ी डिवाइडर से टकराई -जालौन रोड का मामला, बाल बाल बचे कोतवाल और सिपाही संवाद न्यूज एजेंसी उरई। गश्त कर लौट रही शहर कोतवाली पुलिस की सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे गाड़ी क्षति ग्रस्त हो गई और उसमें सवार कोतवाल शिव गोपाल व सिपाही बाल बाल बच गए। एक सिपाही को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पाकर आसपास थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गाड़ी में सवार सिपाही व कोतवाल को बाहर निकाला और चुटहिल सिपाही जिला अस्पताल लाकर प्राथमिक उपचार कराया। शहर कोतवाल शिवगोपाल सिंह सिपाहियों के साथ बुधवार की देर शाम तकरीबर ८ बजे गश्त कर लौट रहे थे। जब उनकी सरकारी सूमो कार जालौन रोड स्थित आईटीआई के पास पहुंची तो चालक रात के अंधेरे में हाइवे पर बीच में पड़े टायर को देख नहीं पाया और उसपर कार का पहिया चढ़ गया । जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जाकर टकरा गई और क्षतिग्रस्त हो गई। लेकिन चालक की सूझबूझ से गाड़ी पर नियंत्रण कर लिया और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं कार में सवार कोतवाली में तैनात सिपाही जगन के कंधे में मामूली चोट आई और सभी लोग बाल बाल बच गए। जब इसकी सूचना आसपास के थानों व अधिकारियों को हुई तो पुलिस फोर्स के सभी मौके पर पहुंच गए और कार में सवार सभी लोगों को सकुशल आवासों पर पहुंचाया और घायल सिपाही को भी प्राथमिक उपचार के बाद आवास पर पहुंचाया।