उरई। जिले के तीन थानों में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष का निर्माण होगा। इसके लिए शासन ने धनराशि मंजूर कर दी है। थानों में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के निर्माण होने से जहां पुलिस कर्मियों को काफी सहूलियत मिलेगी। थानों में सुविधाएं बढ़ने से पुलिस की कार्यक्षमता और गुणवत्ता दोनों में सुधार होने की उम्मीद की जा रही है।
उरई कोतवाली में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने 112.74 लाख रुपये की मंजूरी दी है। वहीं कालपी थाना में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के निर्माण के लिए 186.59 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा थाना कदौरा में भी हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के लिए 181.98 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी गई। जल्द ही काम शुरू होगा। तीनों थानों के लिए कुल 481.31 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। एसपी डॉ. ईरज राजा का कहना है कि तीनों थानों में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के लिए शासन की तरफ से मंजूरी मिल गई है। शासन से जल्द ही इसके लिए कार्यदाई संस्था घोषित होगी। हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष की लंबे समय से मांग की जा रही है। यह तीनों कोतवाली और थाने महत्वपूर्ण है। कोतवाली और थानों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार पहल की जा रही है।