जालौन। क्षेत्र के विकास के साथ ही सिंचाई, अच्छी और सस्ती शिक्षा एवं अस्पताल मात्र रेफर सेंटर न बनें इस दिशा में खास प्रयास किया जाएगा। यह बात नगर में नवनिर्वाचित सांसद नारायणदास अहिरवार ने जाकिर सिद्दीकी के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
सांसद ने नगर में आकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव जाकिर सिद्दीकी के आवास पर पहुंचे सांसद ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र के लोगों को यह शिकायत नहीं मिलेगी कि सांसद लापता रहते हैं। वह लगातार लोगों के संपर्क में रहेंगे। जिन बिंदुओं पर उन्हें पहले काम करना है, उनमें पहला है कि इस क्षेत्र में यदि सिंचाई की सुविधा हो तो वर्ष भर फसलें पैदा की जा सकती हैं। उनका प्रयास होगा कि नहरों को वर्ष भर चलाया जाए।
पचनद बांध को लेकर भी प्रयास किया जाएगा। नवोदय विद्यालय की तर्ज पर केंद्रीय अथवा सैनिक स्कूल स्थापित कराने का प्रयास रहेगा। आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए जालौन से होकर रेलवे लाइन निकाले जाने की मांग तो उठाई ही जाएगी साथ ही कोंच शटल को प्रयागराज तक बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। अस्पताल सिर्फ रेफर सेंटर न बनें इस पर भी ध्यान दिया जाएगा। अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सुविधाएं बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रयास होगा कि इस क्षेत्र में ऐसे उद्योग धंधे लगे कि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न भागना पड़े। युवा यहीं रहकर रोजगार प्राप्त कर सकें। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीराम पाल, दीपू त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी, मौलाना खालिद रहमानी, अब्दुल कयूम, इकबाल बल्लू, राज मंसूरी, हाजी उवैश सिद्दीकी, मोनू यादव, निसार अहमद, पप्पू सिद्दीकी, हाफिज रफीक, इरफान अहमद आदि मौजूद रहे।