उरई। नमामि गंगे योजना के तहत काम करने वाले आउट सोर्सिंग एजेंसी के कर्मचारियों को 10 माह का मानदेय नहीं मिला है।
कई बार कहने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई तो आउट सोर्सिंग कर्मचारी सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर मानदेय दिलाने की गुहार लगाई।
ब्रजेश, चंद्रेश, मानवेंद्र, चरन सिंह, रितिक, शिवम, गौरव दुबे, अभिषेक राठौर, सुनील समेत बीस आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर बताया कि वह लोग नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत इम्लीमेंट सपोर्ट एजेंसी (आईएसए) संचार सेवा सोसाइटी के तहत काम कर रहे हैं।
एक साल के काम के दौरान उन्हें केवल दो माह का मानदेय दिया गया है। एक वर्ष में ऑफिस का किराया केवल छह माह का दिया गया है। छह माह का किराया अभी भी बकाया है। ब्लॉक कोआर्डिनेटर पद पर तैनात विकास द्विवेदी की सड़क हादसे में मौत हो गई, लेकिन कंपनी की ओर से कोई मदद नहीं की गई।