कोंच। तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा गुरुवार की दोपहर चंदकुआ पर भूतेश्वर मंदिर के समीप स्थित भांग के ठेके अकेले पहुंचे, उनका स्टाफ दूर रहा। तहसीलदार ने पचास रुपए का नोट निकाल कर सेल्समैन को दिया और गांजे की पुड़िया मांगी। सेल्समैन ने उन्हें आम ग्राहक समझ कर दुकान के गल्ले से एक पुड़िया निकाल कर उन्हें थमा दी। पुलिया हाथ में आते ही तहसीलदार ने अपने स्टाफ को इशारा किया और उनके हमराही होमगार्डों ने सेल्समैन को दबोच लिया। तहसीलदार ने दुकान में मिली गांजे की सभी पुड़ियां जब्त कर लीं और सेल्समैन को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया है कि उक्त भांग की दुकान का लाइसेंस राजू शिवहरे सलैया के नाम है और पकड़ा गया सेल्समैन चंद्रशेखर पुत्र लल्लू निवासी गांधीनगर कोंच है जो पांच हजार रुपये पर सेल्समैन की नौकरी करता है। उसके पास से पच्चीस पुड़िया गांजे की बरामद हुई हैं जिनमें लगभग तीन सौ ग्राम गांजा पाया गया है। इलाकाई लोगों का कहना है कि आबकारी विभाग तथा पुलिस में भी कई बार शिकायत की गई लेकिन इस पर संज्ञान नहीं लिया गया। तब लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की और मामला पकड़ में आ गया।