सरीला (हमीरपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र के रिरुआ-बुजुर्ग गांव में डंपर के नीचे सो रहे क्लीनर की कुचल जाने मौत हो गई। पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया है।
जलालपुर थाना प्रभारी ब्रजमोहन ने बताया कि रिरूआ बुजुर्ग में संचालित मौरंग खदान खंड संख्या दो में चालक डंपर में मौरंग लेने गया था। मौरंग भरने में देरी होने पर वह डंपर खड़ा करके चाय पीने लगा। इसी बीच खलासी जालौन जिले के कालपी थानाक्षेत्र के इमलिया खुर्द निवासी शैलेंद्र (27) पुत्र कल्लूपाल धूप से बचने के लिए डंपर के नीचे लेट गया।
चाय पीकर लौटे चालक ने डंपर में मौरंग भरी देख आगे बढ़ा दिया। डंपर का पहिया उसके ऊपर चढ़ जाने से मौत हो गई। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक को घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक व शव कब्जे में लेकर खलासी के परिजनों को घटना की सूचना दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।