कालपी। नगर के मुख्य बाजार टरननगंज स्थित दो इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पुलिस ने दुकानों में आग लगी देख दमकल को सूचना दी। दमकल टीम ने दो घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के टरननगंज स्थित बाजार स्थित विकास इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में रविवार रात शॉर्ट र्सकिट से आग लग गई। जिससे वहां रखा सामान जलने लगा। बाजार में भ्रमण कर रही पुलिस की टीम ने दुकान में आग लगी देख इसकी जानकारी दमकल टीम को दी। टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन दुकान के शटर बंद होने से आग बढ़ गई। सूचना पर पहुंचे दुकान के मालिक ने शटर खोले तब आग पर काबू पाया जा सका।
दुकान मालिक विकास ने बताया कि उसकी दुकान में लगभग पचास लाख के दर्जनों एलइडी टीवी, आटा चक्की, कूलर, वाशिंग मशीन, फ्रिज इनवर्टर, बैटरी, सिलाई मशीन पंखे आदि जल गए। दूसरी दुकान के मालिक उमाशंकर पुरवार व बबलू पुरवार ने बताया की पड़ोस की दुकान में आग लगने से उनकी दुकान के अंदर भी आग पहुंच गई। जिससे उनका करीब बीस लाख रुपये कीमत का इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया। जानकारी पर पहुंचे लेखपाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानों में लगी हुई आग से हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जा रही है।