फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: प्रेमिका के मां-बाप ने की थी युवक की हत्या, गिरफ्तार

Tue, 14 May 2024 01:00 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
जालौन। दंपती ने पुत्री से चोरी छिपे मिलने पहुंचे प्रेमी की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सब्बल व मृतक युवक का फोन व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए। घटना का खुलासा सीओ जालौन राम सिंह ने किया।
विज्ञापन

जालौन कोतवाली क्षेत्र के मांडरी गांव स्थित गंगा प्रसाद कुशवाहा के खेत में 11 मई को युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के भाई विजय नारायण की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस की टीमों को लगाया गया था।
पुलिस ने 48 घंटे के बाद हत्यारोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया। घटना का खुलासा सोमवार को सीओ राम सिंह ने करते हुए बताया कि मांडरी गांव निवासी आकाश कुमार गुप्ता (28) का शव गांव के बाहर पड़ा मिला था। पुलिस ने हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर टीमों को लगाया था। पुलिस टीमों ने गांव के ही निवासी राजबहादुर उर्फ पल्लू कुशवाहा व उसकी पत्नी शिववती को वीरपुरा रोड स्थित तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल व खून से सने कपड़े व मृतक युवक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया। आरोपी दंपती ने बताया कि आकाश व उसकी पुत्री आपस में बातचीत करते थे। घटना वाले दिन युवक उसकी पुत्री से मिलने उसके घर आ गया था। दोनों लोगों को जब उन्होंने एक साथ देखा तो सब्बल से आकाश की हत्या कर दी थी और पत्नी की सहायता से शव को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बेटी को भी मारने की कोशिश की थी पर पत्नी ने छुपाकर बचाई जान

जालौन। आकाश को सब्बल से मारते हुए देख मां बेटी ने उसे बचाने की कोशिश की पर राजबहादुर के सिर पर खून सवार था। वह तब तक नहीं रुका जब तक कि गोलू की जान नहीं चली गई। गोलू की हत्या के बाद उसने बेटी को भी मारने की कोशिश की। यह देखकर मां शिववती घबरा गई और बेटी को लेकर किचन में बंद हो गई। कुछ देर बाद जब जब राजबहादुर का गुस्सा ठंडा हुआ तो शिववती ने उसे बेटी को न मारने की कसम दी। इसके बाद मां-बेटी किचन से बाहर आईं। (संवाद)
-सुबूत मिटाने में पत्नी शिववती ने की थी मदद

जालौन। आकाश की हत्या के बाद बचने के लिए राजबहादुर ने पत्नी को समझाया और फर्श पर पड़ा खून कपड़ों से साफ कराया। उसकी बनियान और लोवर में भी खून लग गया था उसे भी धुलवाया। इसके बाद आकाश का मोबाइल को तोड़ दिया। खून साफ करने के बाद खून से सने कपड़ों और मोबाइल को उसने एक थैली में डलवाया व सब्बल को बक्से में छिपाकर रख दिया। (संवाद)

पत्नी ने की रास्ते की रेकी और पति ने शव ले जाकर खेत में फेंका
जालौन। आकाश की हत्या के बाद राजबहादुर ने पत्नी को बताया कि शव घर में नहीं रख सकते हैं। उसने पत्नी को गांव के बाहर तक रास्ता देखने के लिए भेजा कि कहीं कोई जाग तो नहीं रहा है। पत्नी के लौटने के बाद उसने आकाश के शव को बोरे में डालकर तार व रस्सी से बांध दिया। फिर बोरा सिर पर रखकर शव गंगा प्रसाद के खेत में फेंक दिया। फिर वह गांव के तालाब में खून से सने कपड़े और आकाश का मोबाइल फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सभी सामान समेत आरोपी का टूटा दांत भी बरामद किया। (संवाद)
चाबी के गुच्छे से खुली हत्या की गुत्थी

जालौन। आकाश की हत्या के बाद जब राजबहादुर उसके शव को गंगाप्रसाद के खेत में फेंकने के लिए गया तो हड़बड़ी में चाबी का गुच्छा व दुपट्टे वाला जालीदार कपड़ा वहीं छूट गया था। आसपास तलाशी लेने पर पुलिस ने दोनों चीजों को बरामद कर लिया था। संदिग्धों से पूछताछ में पुलिस को पता चल गया था कि गुच्छा राजबहादुर के घर का है। जिसके आधार पर जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने गुनाह कबूल कर लिया। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें