उरई। साइबर सेल ने रिटायर्ड शिक्षक के ऑनलाइन ठगी में गए 93 हजार रुपये वापस करा दिए। पीड़ित ने घटना के बाद समय रहते पुलिस से संपर्क किया, जिससे उसकी रकम वापस हो सकी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चकजगदेवपुर गांव निवासी तातीराम ने साइबर सेल में शिकायत की थी। बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक फोन आया था। साइबर ठग ने उनका खाता बंद होने की बात बताकर बैंक खाता संबंधी सभी जानकारी हासिल कर ली थी। इसके बाद बैंक खाते से 93 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसकी जानकारी तब हुई, जब मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आया।
इस पर सेवानिवृत्त शिक्षक ने साइबर सेल में ठगी की तहरीर दी। टीम ने बैंक, पेमेंट ऐजेंसियों से संपर्क करके उनके पूरे रुपये वापस करा दिए। रुपये पाकर पीड़ित ने टीम की प्रशंसा की। साइबर सेल में उपनिरीक्षक राहुल सिंह, वीर विक्रम, आलोक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहें।
टीम ने बताया कि अगर किसी के साथ आनलाइन धोखाधड़ी होती है तो तत्काल इसकी सूचना 1930, 112 हेल्पलाइन नंबरों पर दें, जिससे उसकी धनराशि खाते में होल्ड कराई जा सके।