जालौन। ऑनलाइन दवा मंगाने पर लकी ड्रॉ में 15 लाख रुपये की कार छह लाख रुपये में देने का लालच दिया। पीड़ित ने ढाई लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लहचूरा निवासी अल्पेश पुनिया ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ऑनलाइन दवा का ऑर्डर किया था और उन्हें दवा मिल गई। एक बार और दवा मंगाने पर उसे दवा भेज दी गई। इसके बाद दवा भेजने वाले व्यक्ति ने उसेे फोन किया और बताया कि कंपनी का ऑफर चल रहा था।
जिसमें 15 लाख रुपये कीमत की कार उसे छह लाख रुपये में दी जाएगी। फोन करने वाले व्यक्ति के विश्वास में आकर उसने छह बार में उसके बताए एकाउंट में ढाई लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये ट्रांसफर करने के बाद जिन दो व्यक्तियों से बात हुई थी उनके मोबाइल स्विच ऑफ हो गए। तब उसे अपने साथ ठगी का अहसास हुआ।
उनके दिए गए आधार नंबर और पैन कार्ड की जानकारी की तो वह भी फर्जी निकले। पीड़ित ने पुलिस से उसके रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी विमलेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।