उरई। कानपुर से सूरत जा रही बस को दो बाइकों से आए छह लोगों ने रोक लिया। चालक से मारपीट कर मुआवजे की मांग की। चालक ने आरोपियों पर मारपीट व लूट का आरोप लगाया है। चालक की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पाठकपुरा निवासी रीतेश गुना में 10 जुलाई को बस में सड़क हादसे में घायल हो गए थे। हादसे में तीन लोगों की मौत भी हुई थी। इसका मामला गुना में दर्ज है। बस संचालक मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी अनिल शर्मा ने रीतेश के परिजनों से पूरा इलाज कराने की बात कही थी। बस संचालक ने 45 हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन इलाज में लाखों रुपये खर्च हो गए। जिस पर परिजन संचालक से रुपये मांग रहे थे, लेकिन बस मालिक ने रुपये देने से मना कर दिया।
बुधवार की सुबह कानपुर से सूरत जा रही बस को झांसी-कानपुर हाईवे पर उरई मोड़ के पास परिजनों ने रोक लिया और उसके आगे लेट गए। इसके बाद इलाज कराने की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों से भरी बस को कोतवाली में खड़ा करा दिया। बस चालक मुरैना निवासी चंद्रकांत ने रीतेश के परिजनों पर मारपीट व लूट का आरोप लगाया। बस चालक चंद्रकांत की तहरीर पर पुलिस ने शेखर शर्मा, सौरभ राठौर, मनीष व आशीष सोनी पर मामला दर्ज किया है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामला मध्य प्रदेश के गुना का है। चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।