जालौन। उरई-जालौन मार्ग पर राम गार्डन के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल युवक की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जोशियाना निवासी अखिलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 27 मई उनका बेटा आशुतोष व फर्दनवीस निवासी उनका साला चंद्रशेखर शाम को बाइक से घर की ओर आ रहे थे। बाइक उनका साला चंद्रशेखर चला रहा था और उनका बेटा आशुतोष बाइक पर पीछे बैठा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने राम गार्डन के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साले चंद्रशेखर को चोटें आई वहीं, बेटा आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे सीएचसी से मेडिकल कॉलेज फिर उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान आशुतोष की अहमदाबाद में मृत्यु हो गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कार व उसके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। (संवाद)